श्रावस्ती। बोर्ड परीक्षा के दौरान छूटी प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए भिनगा के अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। यहां जिले के सभी विद्यालयों के छूटे परीक्षार्थी नौ व दस जून को प्रयोगात्मक परीक्षा दे सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने स्कूल से पहले संपर्क करना होगा। परीक्षार्थियों को बोर्ड ने यह अंतिम अवसर दिया है।
बोर्ड परीक्षा में कुछ परीक्षार्थी ऐसे सम्मलित हुए थे, जिन्हें हाईकोर्ट ने आदेशित किया था। ऐसे परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा छूट गई थी। इसके चलते प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक को लेकर दुविधा की स्थिति चल रही थी। इस उहापोह की स्थिति को माध्यमिक शिक्षा परिषद ने समाप्त कर दिया है।
अब नौ व दस जून को जिले के सभी ऐसे छात्र जिनकी प्रयोगात्मक परीक्षा छूट गई थी, वह एग्जाम दे सकते हैं। इसके लिए जिला मुख्यालय स्थित अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा को प्रयोगात्मक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र पर परीक्षा में सम्मलित होने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रपाल ने सभी प्रधानाचार्य को पत्र जारी करते हुए कहा है कि यह अंतिम अवसर है। इसके बाद भी यदि कोई परीक्षार्थी छूटता है तो उसकी समस्त जिम्मेदारी परीक्षार्थी व प्रधानाचार्य की होगी।