कटरा (श्रावस्ती)। बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती में निर्माणाधीन हवाई पट्टी जल्द ही तैयार हो जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन हवाई पट्टी का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती में हवाई पट्टी के विस्तार का काम कराया जा रहा है। बुधवार को जिलाधिकारी टीके शिबु ने निर्माणाधीन हवाई पट्टी का निरीक्षण किया। उन्होंने हवाई पट्टी के विस्तारीकरण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता को गुणवत्तापूर्ण ढंग से मानक के अनुरूप अधूरे कामों को जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया।
अधिशासी अभियंता ने डीएम को बताया कि हवाई पट्टी की 4000 मीटर बाउंड्रीवॉल, रनवे, एप्रन, टैक्सी वे, रोड, फायर स्टेशन, टर्मिनल बिल्डिंग का रेनोवेशन का काम पूरा हो चुका है। रनवे के समानांतर ग्रेडिंग का कार्य चल रहा है। हवाई पट्टी पर पांच वॉच टावर बनने थे, जो बन कर तैयार हो चुके हैं। डीएम ने इनका भी निरीक्षण किया।
डीएम ने कहा, पट्टी के निर्माण में लापरवाही न बरती जाए। जल्द से जल्द इसे तैयार करवाया जाए। जांच में अगर कहीं गुणवत्ता की कमी मिली तो कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उनके साथ उप जिलाधिकारी इकौना राजेश कुमार मिश्रा, अधिशासी अभियंता राजकीय निर्माण निगम एसपी गुप्ता, अवर अभियंता राजेंद्र कुमार, एडीएम योगानंद पांडे, तहसीलदार इकौना शिव ध्यान पांडे व तहसीलदार भिनगा राजकुमार पांडे मौजूद रहे।