इकौना (श्रावस्ती)। ग्राम पंचायत राजगढ़ गुलहरिया निवासी रीना देवी (25) का शव शुक्रवार सुबह उनके कमरे में फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें नीचे उतारा और आननफानन सीएचसी इकौना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि कर दी। करवा चौथ के दिन रीना की मौत से पूरे परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
परिजनों ने बताया कि रीना का पति रवि रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहता है। शुक्रवार सुबह रीना अपने पति रवि से फोन पर बात कर रही थी। इस दौरान किसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। पति से नाराज होकर रीना अपने कमरे में चली गई। कुछ देर तक रीना के बाहर न निकलने पर परिजन कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इस दौरान रीना का शव फंदे से लटकता देख सभी चीख पड़े। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका रीना सोनवा थाना क्षेत्र के उत्तमापुर गांव की रहने वाली थी और डेढ़ साल पहले इनका विवाह रवि के साथ हुआ था। मायके पक्ष के लोगों को सूचना दी गई है, सभी रास्ते में हैं।सीओ इकौना भरत पासवान ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।