श्रावस्ती। प्रदेश में अधिवक्ताओं पर हो रहे हमले व अत्याचार के विरोध में शनिवार को जिले भर के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस दौरान अधिवक्ताओं ने भिनगा में कलेक्ट्रेट पहुंच कर प्रशासनिक अधिकारी को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। जबकि इकौना व जमुनहा के अधिवक्ताओं ने एसडीएम से मिल कर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
भिनगा में प्रशासनिक अधिकारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव को सौंपे ज्ञापन में मॉडल डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह व महामंत्री दिलीप कुमार तिवारी ने कहा है कि महोबा में पुलिस संरक्षण में माफिया के उत्पीड़न से क्षुब्ध अधिवक्ता मुकेश पाठक व मेरठ में विधायक दिनेश खटिक व माफियाओं से क्षुब्ध अधिवक्ता ओमकार तोमर ने आत्महत्या कर ली। इन मामलों में पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। जिससे अधिवक्ता संघ में रोष व्याप्त है।
ज्ञापन में मांग की गई कि मुकेश व ओमकार की आत्महत्या के लिए दोषी पुलिस कर्मियों व विधायक सहित सभी आरोपियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने के साथ ही मृत अधिवक्ता के अश्रितों को सरकारी नौकरी दी जाए। अधिवक्ताओं के हमलावरों की गिरफ्तारी अविलंब करके पीड़ित अधिवक्ता के परिवार को उचित लाभ दिलाया जाए। इस मौके पर वीरेश कुमार मिश्र, पवन कुमार्र मौर्या, ओम प्रकाश आजाद, अरविंद कुमार मिश्र, अरविंद कुमार त्रिपाठी आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।