विवेचना में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
एएसपी ने महिला थाने का किया निरीक्षण, जांचे अभिलेख
संवाद न्यूज एजेंसी
फोटो - 08,09
श्रावस्ती। एएसपी ने गुरुवार को महिला थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने लंबित मुकदमों की समीक्षा की तो 25 विवेचनाएं लंबित मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए एएसपी ने विवेचकों को जांच पूरी करने का निर्देश दिया। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण भी किया।
अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे ने गुरुवार को महिला थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, आगंतुक कक्ष, हवालात, मालखाना, शस्त्रागार, भोजनालय, थाना कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद थाने में मौजूद अभिलेखों की जांच की। वहां रखे शस्त्रों, अभिलेखों आदि की साफ सफाई व रख रखाव की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई स्थानों पर गंदगी देखने को मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए प्रभारी निरीक्षक केके यादव को सफाई व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने थाने पर तैनात विवेचकों के साथ बैठक कर लंबित मुकदमों की समीक्षा की। थाने में कुल 25 मुकदमे लंबित मिलने पर नाराजगी जताते हुए एएसपी ने विवेचकों से विवेचनाओं व शिकायती पत्रों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटारा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि थाने में महिलाओं के जो प्रकरण व शिकायती पत्र आ रहे हैं, उसे तत्काल एक रजिस्टर में दर्ज किया जाए। इसके बाद प्रकरणों का निपटारा त्वरित रूप से करें। निस्तारण की समीक्षा हर पंद्रह दिन में करें। पीड़ित महिला से फोन पर बात करके यह सुनिश्चित करें कि अब उन्हें किसी प्रकार की समस्या तो नहीं। इस दौरान सभी विवेचक, उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षी व आरक्षी मौजूद रहे।
उधर एसपी के निर्देश पर गुरुवार को सभी सर्किल में सीओ ने अपराध समीक्षा बैठक की। इसमें सीओ ने अपने अपने क्षेत्रों के थानों में लंबित विवेचनाएं, अपराध की स्थिति, रोकथाम के लिए की गई कार्रवाई, प्राप्त जन शिकायत व उसके निस्तारण के बारे में जानकारी ली। भिनगा में सीओ डॉ. जेबी सिंह तो जमुनहा में हौसला प्रसाद ने समीक्षा की।