श्रावस्ती। बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की मासिक समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को लखपति दीदी योजना का लक्ष्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। जिले को 18,781 महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य मिला है। इनमें से अब तक 14,121 महिलाएं इस श्रेणी में लाई गई हैं। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 2,10,304 परिवारों को समूह से जोड़ने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने एलडीएम को लंबित सीसीएल पत्रावली का निस्तारण सात दिनों में कराने को कहा। इस मौके पर सीडीओ शाहिद अहमद, उपायुक्त स्वतः रोजगार संदीप कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।