इफ्को बाजार इकौना के बाहर लाइन में खड़ीं महिलाएं। - संवाद
इकौना/वीरपुर। इफको बाजार इकौना में खाद आने की सूचना पर सोमवार को सैकड़ों किसान पहुंच गए। संचालक पर करीबियों को टोकन देने का आरोप लगाते हुए भड़क गए। नाराज किसानों ने बौद्ध परिपथ जाम कर दिया। इससे वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने किसानों का समझाकर जाम खुलवाया।
खाद की किल्लत के बीच सोमवार को कई दिन बाद इफको बाजार इकौना में यूरिया पहुंची। खाद पहुंचने की सूचना पर आसपास के एक दर्जन गांवों के सैकड़ों किसान सुबह-सुबह इफको बाजार पहुंच गए, लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
इस दौरान संचालक ने टोकन का वितरण शुरू किया, लेकिन कुछ किसानों ने टोकन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि संचालक लाइन में लगे किसानों को टोकन न देकर करीबियों को नियम विरुद्ध टोकन दे रहे थे।
आक्रोशित किसानों ने नारेबाजी के बाद बहराइच-बलरामपुर हाईवे (बौद्ध परिपथ) पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे इकौना थाना प्रभारी अखिलेश पांडेय ने किसानों को समझाकर शांत करवाया, तब जाकर जाम खुरा। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में लाइन लगवाकर किसानों को खाद का वितरण कराया गया।
ई पॉश मशीन से परची न देने का भी आरोप
खाद लेने आए किसानों ने आरोप लगाया कि उन्हें केवल टोकन पर एक बोरी खाद लिखकर दे दिया जाता है, लेकिन ई पॉश मशीन से निकलने वाली परची नहीं दी जाती है। ऐसे में उनके नाम से कितनी बोरी खाद खारिज की गई, उन्हें पता नहीं चल पाता है। कहा कि कालाबाजारी के लिए ई पॉश मशीन से निकली परची नहीं दी जा रही है।