श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली क्षेत्र के भंगहा बाजार निवासी एक किशोर रविवार घर में टीवी देखते समय तख्त से नीचे गिर गया। इससे उसे गंभीर चोट आई। परिवारीजनों ने उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं एक अन्य घटना में कोतवाली क्षेत्र के ही ग्राम रंजीतपुर में रविवार सुबह करंट की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। जिसे अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भंगहा बाजार निवासी प्रदीप (12) पुत्र घनश्याम भूज रविवार सुबह टीवी पर रामायण देख रहा था। इसी बीच अचानक वह सिर के बल तख्त से नीचे गिर गया। इससे उसके सिर व गर्दन में गंभीर चोट आई।
परिवारीजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंगहा पहुंचे, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान प्रदीप की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं एक अन्य घटना में भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ही ग्राम रंजीतपुर निवासिनी कलावती (45) पत्नी पारसनाथ उर्फ पांचू रविवार सुबह घर के आंगन में काम कर रही थी। जहां एक विद्युत केबल टूट कर पड़ा था। उसे हटाते समय अचानक वह करंट की चपेट में आ गई।
जब तक परिवारीजनों को इसकी जानकारी होती तब तक कलावती गंभीर रूप से झुलस गई। परिवारीजनों ने उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस बारे में प्रभारी निरीक्षक भिनगा दद्दन सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं की सूचना अस्पताल से मिली थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।