गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला फिलिंग स्टेशन से पेट्रोल भरवाकर लौट रहे बाइक सवार को डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहा युवक दूर जा गिरा जबकि उसका जीजा बाइक सहित वहीं गिर गया जिसे पीछे से आ रहे ट्रक ने रौंद किया। हादसे में जीजा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि युवक बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया। जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे परिवारीजन में रोना-पीटना मच गया।
थाना क्षेत्र गिलौला के ग्राम मनिकौरा निवासी सूरज कुमार उर्फ छोटू (30) पुत्र राम गोपाल तिवारी की ससुराल इकौना थाना क्षेत्र के पांडेपुरवा में पड़ती है। रविवार को सूरज का साला अखिलेश पांडे पुत्र शिव कुमार मनिकौरा आया था जहां से दोनों बाइक से गिलौला बाजार आए थे। बाइक में पेट्रोल भरवाकर दोनों गिलौला से वापस लौट रहे थे। जैसे ही अखिलेश बाइक लेकर बौद्ध परिपथ स्थित गिलौला थाना क्षेत्र के किसान इंटर कॉलेज सुविखा के सामने पहुंचा, पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी।
दोनों वाहनों की गति काफी तेज होने के कारण अखिलेश मार्ग किनारे दूर जा गिरा जबकि सूरज कुमार बाइक सहित बौद्ध परिपथ पर ही गिर गया। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सहित सूरज कुमार को रौंद दिया। इससे सूरज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि अखिलेश बाल-बाल बचा। घटना के समय दोनों ही बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
हादसे के बाद जहां डीसीएम चालक ने मौके पर तो ट्रक चालक माजरे गांव के निकट ट्रक छोड़ कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने बाइक सहित ट्रक व डीसीएम को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिवारीजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है।