श्रावस्ती। सिरसिया थाने की गुरुवार शाम सीओ सिटी द्वारा अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। उन्होंने विवेचकों के साथ बैठक कर अपराध समीक्षा भी की। इसके बाद में उन्होंने थाना परिसर सहित अन्य पटलों का भी निरीक्षण किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर हौसला प्रसाद गुरुवार शाम सिरसिया थाने पहुंचे। उन्होंने यहां अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। थाने पर तैनात विवेचकों के साथ बैठक की। वहीं लंबित विवेचनाएं पूरी करने, वांछित व वारंटी को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
उन्होंने प्रभारी निरीक्षक सिरसिया रामसमुझ प्रभाकर को थाने पर आने वाली सभी छोटी-बड़ी शिकायतें निस्तारित करने का निर्देश दिया। थाना परिसर, आगंतुक कक्ष, हवालात, बैरक, मालखाना, भोजनालय, थाना कार्यालय में रजिस्टर भी सीओ सिटी ने जांचे। थाना प्रभारी को मिली खामियां बता कर दूर करने का निर्देश दिया। इस मौके पर सभी उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षी व आरक्षी मौजूद रहे।