श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को शासन के सर्वोच्च प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें सीडीओ ने निर्माणाधीन विकास कार्यों में तेजी लाकर उसे समय से पूरा करने का निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को शासन के सर्वोच्च प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहाकि चालू वित्तीय वर्ष के समाप्त होने में कुछ ही दिन शेष बचे है। इसलिए निर्माणाधीन विकास के अधूरे कार्यों को युद्धस्तर पर कराकर पूरे किए जाएं। यदि इसमें किसी भी विभागीय अधिकारी की ओर से लापरवाही बरतने की शिकायत मिली तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा के दौरान पता चला कि कृषि विभाग द्वारा सोलर फोटो वोल्टाइक सिंचाई पंप की आपूर्ति एवं स्थापना का काम अब तक पूरा नहीं कराया गया है।
पशुपालन विभाग की ओर से निराश्रित गोवंश को संरक्षित करने में शिथिलता बरती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री आरोग्य योजना (गोल्डेन कार्ड) तथा आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री आरोग्य योजना (उपचारित रोगी), अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा राज्य पोषित छात्रवृत्ति योजनाएं, बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा आईसीडीएस (पोषण अभियान), बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा ग्रेड काम्पीटेंन्सी (लर्निंग आउटकम परीक्षा का परिणाम), खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना एवं सहकारिता विभाग द्वारा सहकारी देयों एवं एनपीए की वसूली तथा आरकेवीवाई योजना अंतर्गत गोदाम निर्माण कार्य में प्रगति शिथिल है।
इस पर नाराजगी जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने तत्काल संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्य में तेजी लाकर 31 मार्च तक उसे पूरा कराने का निर्देश दिया। बैठक में जिला विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, उपनिदेशक कृषि कमल कटियार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नरेंद्र कुमार कुशवाहा, अधिशासी अभियंता विद्युत रमाशंकर मौर्य सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।