श्रावस्ती में स्कूल की जांच करते सीडीओ।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। प्राथमिक विद्यालय रामपुर जब्दी व बहादुर पुरवा का गुरुवार को सीडीओ ने एडीएम के साथ औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो शिक्षक व एक शिक्षामित्र नदारद मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने बीएसए को शिक्षकों को निलंबित करने व शिक्षामित्र का मानदेय रोकने का निर्देश दिया। इसके साथ ही स्पष्टीकरण भी तलब किया है।
हरिहरपुररानी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रामपुर जब्दी का गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अवनीश राय व अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडेय ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों की उपस्थित पंजिका देखी तो प्रभारी प्रधानाध्यापक आशुतोष मिश्रा व शिक्षामित्र विमला देवी की तैनाती मिली।
इसमें से प्रभारी प्रधानाध्यापक आशुतोष मिश्रा 21 अगस्त से बिना किसी सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित मिले। इसको गंभीरता से लेते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक से जवाब तलब कर उन्हें निलंबन करने का निर्देश बीएसए को दिया। वही शिक्षामित्र विमला देवी के विद्यालय न आने पर उससे जवाब तलब कर मानदेय रोकने का निर्देश दिया।
विद्यालय में मध्याह्न भोजन मीनू के अनुसार सब्जी रोटी बनाने के बजाए तहरी बनाई गई थी। शिक्षा की गुणवत्ता देखने के दौरान इसका स्तर भी संतोषजनक नही मिला। विद्यालय में साफ सफाई भी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय बहादुर पुरवा का निरीक्षण किया।
इस दौरान यहां तैनात सहायक अध्यापिका अनीता चतुर्वेदी 22 अगस्त से अनुपस्थित मिलीं। इस पर अध्यापिका से जवाब तलब करने के साथ ही निलंबित करने का आदेश जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को दिया। वहीं विद्यालय में मीनू के अनुसार मध्याह्न भोजन न बनाये जाने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक व प्रधान से भी जवाब तलब किया गया। दोनो विद्यालयों में सफाई के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारी व प्रधान को निर्देशित किया