विद्यालय की जांच करती डीएम साथ में सीडीओ।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। डीएम व सीडीओ के औचक निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार के छात्र एबीसीडी तक नहीं सुना सके। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र पर भोजन वितरण नहीं होने की जानकारी मिली। इस पर डीएम ने विद्यालय के शिक्षकों व आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यकर्ता को फटकार लगाते हुए कार्य में सुधार लाने की नसीहत दी।
हरिहरपुररानी विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पटना खास का बुधवार को जिलाधिकारी यशु रुस्तगी व मुख्य विकास अधिकारी अवनीश राय ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने बच्चों को गणित व अंग्रेजी पढ़ाया। शैक्षणिक स्तर की जांच के दौरान अधिकारियों ने देखा कि यहां कक्षा 2 के बच्चों को अक्षर ज्ञान तक नहीं है, वहीं कक्षा 4 के बच्चों को अंग्रेजी के प्राथमिक स्तर का भी ज्ञान नहीं है। वह एबीसीडी भी नहीं सुना सके।
इसको गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी अध्यापकों को निर्देश दिया है कि वह बच्चों को बेहतर तरीके से शिक्षित करें। इसके बाद उन्होंने विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां टीकाकरण सत्र चल रहा था। जांच में पता चला कि यहां सात बच्चों का टीकाकरण होना था, जिनमें से चार को टीका लगाया गया। यहां पर वेट मशीन खराब मिली, इसके लिए जिलाधिकारी ने आशा को निर्देश दिया कि विभाग से समन्वय बनाकर दूसरी वेट मशीन मंगवाए। आंगनबाड़ी केन्द्र में हॉट कुक्ड वितरण नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने कार्यकर्ता को फटकार लगाते हुए ढंग से कार्य करने की नसीहत भी दी।