आशा एएनएम सेंटर में ऋण के लिए फार्म भरते आपदा मित्र।
श्रावस्ती। आपदा मित्रों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। इसके लिए डीएम अजय कुमार द्विवेदी की पहल पर आपदा मित्रों को बिना ब्याज के पांच लाख रुपये तक का ऋण मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए सोमवार को आशा एएनएम ट्रेनिंग सेंटर भिनगा में सेमिनार का आयोजन हुआ। इसमें जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण व उद्योग विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
सेमिनार में कार्यक्रम संयोजक व आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि आपदा मित्र भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत स्वयंसेवक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आपदा मित्र रोजगार के लिए प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में अब डीएम की पहल पर उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से रोजगार के लिए बिना ब्याज के पांच लाख रुपए तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। आपदा मित्रों के लिए यह योजना बहुत ही उपयोगी साबित होगी। इसीलिए डीएम के निर्देश पर यह सेमिनार आयोजित कर आपको इस योजना से जोड़ने की शुरुआत की गई है। आपदा मित्रों के लिए इस तरह की पहल जिले में ही हुई है। सीएम युवा फेलो दिलीप तिवारी ने बताया कि यह योजना युवाओं को विभिन्न प्रकार के रोजगार क्षेत्र में पांच लाख तक का ब्याज मुक्त लोन उपलब्ध कराती है। शुरू के छह महीने बैंक किसी भी तरह की ईएमआई नहीं लेती। उसके बाद चार वर्ष में यह रकम व्यापार करके चुकानी होती है। एक बार पूरा पैसा चुका देने के बाद व्यापार को बढ़ाने के लिए 10 लाख रुपये तक का लोन और लिया जा सकता है। इसमें आवेदन के लिए प्रोजेक्ट फार्म, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, जाति एवं निवास प्रमाणपत्र की आवश्यकता है। आवेदक अपनी इच्छानुसार दिए गए लिस्ट से अपना व्यापार चुन सकते हैं। इस दौरान 48 आपदा मित्रों ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी में आवेदन के लिए फार्म जमा किया। सेमिनार में उद्यमी मित्र साकेत रंजन, सीएम युवा फेलो योगेंद्र यादव सहित 78 आपदा मित्र मौजूद रहे।