श्रावस्ती। भीषण गर्मी में हो अघोषित बिजली कटौती को लेकर बृहस्पतिवार को आप कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष राम कृष्ण सोनी के नेतृत्व मे कहा है कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। इसके बावजूद प्रदेश में बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है। आमजन बिजली कटौती से परेशान है। गर्मी की वजह से अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ी है। पूर्वांचल में गर्मी के चलते कई लोगों की मौत हो चुकी हैं। अस्पतालों में भर्ती मरीज गर्मी से बेहाल हो रहे हें। यह बहुत ही दुर्भाग्य है कि 21 वीं सदी में लोगों को बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकता की पूर्ति भी नहीं हो पा रही है। वहीं लोगों की मौतों पर भाजपा के मंत्री संवेदनहीन बयान दे रहे हैं।
उधर दिल्ली की केजरीवाल सरकार बिना कटौती 24 घंटे बिजली दी जा रही है। उत्तर प्रदेश की जनता योगी सरकार से जानना चाहती है कि जब दिल्ली की जनता को मुफ्त और बिना कटौती 24 घंटे बिजली उपलब्ध हो सकती है तो उत्तर प्रदेश की जनता को देश में सबसे महंगी और बिना कटौती 24 घंटे बिजली क्यों नहीं उपलब्ध हो पा रही है।
जबकि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के दौरान प्रदेश की जनता को मुफ्त और 24 घंटे बिजली देने का वादा किया था। ज्ञापन देने वालों में अशरफ खान, अवनीश शुक्ला, दुर्गेश कुमार, मेराज अहमद, गोविंद शुक्ला, शकील, मेराज अहमद सहित कई अन्य के नाम शामिल हैं।