श्रावस्ती। लक्ष्मणपुर कोठी के पास मंगलवार रात बालू लदे ट्रक ने पैदल जा रहे युवक को रौंद दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मल्हीपुर के ग्राम लक्ष्मणपुर कोठी से मंगलवार देर रात एक ट्रक बालू लादकर जमुनहा की ओर जा रहा था। ट्रक चालक नानपारा निवासी प्रमोद कुछ दूर पहुंचा ही था कि उसने ट्रक से नियंत्रण खो दिया। इस दौरान सामने से पैदल आ रहे युवक को रौंदते हुए ट्रक आगे बढ़ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने शव को मॉर्च्यूरी हाउस भिनगा भेज दिया। पुलिस ने ट्रक व चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान मल्हीपुर के ग्राम परसा डेहरिया के मजरा परसा निवासी काशीराम (40) पुत्र लल्ले के रूप में हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, परिजनों ने तहरीर दी तो मामला दर्ज कर चालक को जेल भेजा जाएगा।