श्रावस्ती। चननकुड़ी के मजरा बकवा में बृहस्पतिवार को दो पक्षों में रंजिश में मारपीट हो गई थी। मारपीट में घायल युवक की सोमवार को इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के बंठिहवा चौकी अंतर्गत चननकुड़ी के मजरा बकवा में होलिका दहन की शाम रंजिश में एक पक्ष ने लाठी-डंडा व धारदार हथियार से लैस होकर जूजू (35) के घर पर हमला कर दिया। इस दौरान जूजू, उसकी पत्नी रेनू (30), भाभी मंजू (35) व प्रेमावती (32) जख्मी हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया। यहां से जूजू को मेडिकल कॉलेज बहराइच और फिर ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। वहां इलाज न मिलने पर परिजन जूजू को वापस घर लाए थे। रविवार शाम हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती कराया। वहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या के आरोप में धारा बढ़ाने के साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक भिनगा भानुप्रताप सिंह का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।