श्रावस्ती। संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में रविवार देर शाम इलाज के दौरान युवक व वृद्ध की मौत हो गई। दोनों विभिन्न थाना क्षेत्रों में सड़क किनारे अचेतावस्था में पड़े मिले थे, जिन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। दोनों की पहचान नहीं हो सकी है, दोनों के शव मर्च्युरी में रखवा दिए गए हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया में शुक्रवार को एक युवक को इलाज के लिए पीआरवी वाहन से लाया गया था। युवक पुलिस को सिरसिया में सड़क किनारे अचेतावस्था में पड़ा मिला मिला था। सेहत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे रविवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया था। वहां इलाज के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई।
सिरसिया थाना प्रभारी शैलकांत उपाध्याय ने बताया कि युवक पीआरवी पर तैनात पुलिस टीम को बेहोशी की हालत में मिला था। वह कौन है और कहां आया था, इसकी जानकारी करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान न होने पर 72 घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार करवा दिया जाएगा।
भिनगा क्षेत्र में 15 अगस्त को एक वृद्ध बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े मिले थे। पीआरवी पर तैनात पुलिस टीम ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान रविवार देर शाम उनकी भी मौत हो गई। सिविल लाइन पुलिस ने शव को मर्च्युरी में रखवा दिया।