जमुनहा (श्रावस्ती)। धरती के भगवान की शर्मसार करने वाली करतूत रविवार शाम उजागर हुई। जब सीएचसी मल्हीपुर में इलाज के लिए आए करंट से झुलसे युवक को हाथ में ड्रिप पकड़ाकर भिनगा रेफर कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को स्ट्रेचर तक न मिल सका। परिवारीजनों द्वारा उसे गोद में उठाकर एंबुलेंस तक ले जाया गया।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम झिरझिरवा के मजरा मकुनी निवासी सद्दाम खान (32) रविवार रात अपने घर के पीछे बने शौचालय में नित्यक्रिया के लिए गया था। जहां लटक रहा बिजली का तार कटा होने के कारण सद्दाम करंट की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। सद्दाम की चीख पुकार सुन पहुंचे परिवारीजनों द्वारा आपूर्ति बाधित कर उसकी जान बचाई गई।
सूचना पर एंबुलेंस के आने में देरी देख परिवारीजनों द्वारा ग्राम प्रधान दिलबहार खान के सहयोग से उसे मोटर साइकिल से सीएचसी मल्हीपुर लाया गया। जहां रात होने के कारण चिकित्सक द्वारा बेहतर इलाज न कर उसकी हालत गंभीर बताते हुए उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। इस दौरान न तो एंबुलेंस से स्ट्रेचर लाकर उसे ले जाया गया। और न ही अस्पताल से ही उसे स्ट्रैचर नसीब हुआ।
हाथ में ड्रिप पकड़ाकर उसे अस्पताल से ले जाने को कहा गया। परिवारीजनों द्वारा सद्दाम को गोद में उठाकर एंबुलेंस तक ले जाया गया। इस दौरान परिवारीजन ड्रिप की बोतल हाथ से पकड़े रहे। इस संबंध में सीएमओ डा. बीके सिंह बताते हैं कि यदि ऐसी कोई बात है तो परिवारीजन शिकायत करें जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।