प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाते एडीएम व एआरटीओ।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। परिवहन विभाग द्वारा सोमवार से सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान लोगों को जागरूक करने के लिए एआरटीओ कार्यालय से प्रचार वाहन रवाना किया गया। जिसे एडीएम व एआरटीओ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान कार्यालय में एक गोष्ठी हुई। जिसमें मौजूद लोगों को पंफलेट वितरित किया गया।
सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए निकले प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाते हुए एडीएम योगानंद पांडे ने कहा कि जिले में होने वाली मौतों में सर्वाधिक मौत मार्ग दुर्घटना में होती है। जिसका मुख्य कारण यातायात नियमों का अनुपालन न करना, नियमों व संकेतों की जानकारी न होना तथा क्षमता से तेज वाहन चलाना है।
दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें। साथ ही चौपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट जरूर लगाएं। आगामी दिनों में घना कोहरा पड़ेगा। ऐसे में वाहनों में रिफलेक्टर व फॉग लाइट अवश्य लगाएं। वाहन को निर्धारित गति से तेज कदापि न चलाएं। इस दौरान उनके द्वारा वाहनों में स्टीकर भी चस्पा किया गया। साथ ही वाहन चालकों व आमजन को पंफलेट व बुकलेट भी प्रदान किया गया।
वहीं उप संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नरेश कुमार वर्मा ने कहा कि जिंदगी से कीमती कुछ भी नहीं है। इसलिए जल्दी पहुंचने के प्रयास में कदापि वाहन तेज न चलाएं। चौक चौराहों, तिराहों व विद्यालयों के नजदीक वाहन धीमी गति से चलाएं। एक वाहन से दूसरे वाहन के बीच दूरी जरूरी है। इस मौके पर उप संभागीय परिवहन अधिकारी क्यू डब्लू खान, प्रधान सहायक ओपी मिश्रा, द बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन मल्हीपुर के अध्यक्ष रामराज शुक्ला आदि मौजूद रहे।