इकौना (श्रावस्ती)। टंड़वा महंथ गांव में शनिवार रात एक मांगलिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए कुछ लोग आए थे। देर रात वह अपनी कार से वापस लौट रहे थे कि गांव के बाहर कुछ दूर पर वाहन एक घर में घुस गया। इससे वाहन सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय चालक सहित सभी सवार नशे में धुत थे।
बहराइच के थाना रुपईडीहा कस्बा निवासी हर्षित कसौधन (18), बस्ती के थाना छावनी निवासी हिमांशु (20), कस्बा इकौना के मोहल्ला लाजपत नगर निवासी सुनील तिवारी (18) व इकौना के ही चौक निवासी अतुल सोनी (19) एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए टंड़वा महंथ आए थे।
विवाह समारोह से निकलने के बाद सभी लोग सीताद्वार से इकौना की ओर आ रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार कार पिछवारी तालाब कस्बा इकौना के निकट पक्के मकान की दीवार तोड़ कर घर में घुस गई। इससे दीवार टूट गई। वाहन टकराने की आवाज से घर में सो रहे मकान मालिक जरगाम बेग पुत्र मिज्जन बेग का पूरा परिवार बाहर निकल आया।
इस दौरान चालक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल दिखे। मकान मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे कस्बा प्रभारी अमित सिंह ने घायलों को बाहर निकलवा कर सीएचसी इकौना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने घायल हिमांशु गुप्ता, हर्षित कसौधन, सुनील तिवारी की स्थिति गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया।
वहीं अतुल सोनी के कान में चोट आने कारण उसका इलाज सीएचसी में चल रहा है। इस दौरान मकान मालिक ने इकौना पुलिस को शिकायती पत्र देकर वाहन चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।