गिलौला (श्रावस्ती)। गोसाईपुरवा निवासी एक युवती रविवार को हसनाभारी नाले में कूद गई। उसका दुपट्टा व सुसाइड नोट नाले के बगल में रखा मिला। सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने स्थानीय गोताखोर व परिवारीजनों के सहयोग से युवती की तलाश शुरू कर दी है।
गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम मनिकौरा के मजरा गोसाईं पुरवा निवासी पवन कुमार गोस्वामी की पुत्री अनीता (18) शनिवार की रात संदिग्ध हालात में अचानक घर से लापता हो गई। सुबह परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी तलाश के बाद भी अनीता का कहीं कोई पता नहीं चल सका। इस दौरान जब परिवारीजन हसनाभारी नाले के पास पहुंचे तो वहां पर उसका दुपट्टा मिला।
आसपास देखने पर परिवारीजनों को एक सुसाइड नोट भी मिला। जिसमें उसने नाले में कूद कर आत्महत्या करने की बात लिखी थी। साथ ही उसने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया था। परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने स्थानीय गोतखोरो की मदद से युवती की तलाश के लिए नाले में जाल लगवाया। इसके बावजूद युवती का पता नहीं चल सका है।