इकौना (श्रावस्ती)। ईवीएम के दुरुपयोग की भ्रामक सूचनाओं पर विराम लगाने के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से इस बार सभी मतदान केंद्रों पर वीवी पैट का इस्तेमाल किया जाएगा।
इसके बारे में सभी लोग जानकारी रखें, जिससे वह अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकें। यदि उनकी जानकारी में कहीं कोई समस्या आती है तो वह तत्काल मौके पर सहायता भी दे सकते हैं।
यह बातें गुरुवार को इकौना तहसील सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों व मीडिया कर्मियों के वीवी पैट प्रशिक्षण के दौरान तहसीलदार इकौना रामदयाल वर्मा ने कही।
उन्होंने कहा कि यदि मीडिया के लोग ईवीएम व वीवी पैट की बारीकियों के बारे में जानेंगे तो निश्चित ही लोग इसका भ्रामक प्रचार प्रसार नहीं कर सकेंगे।
नायब तहसीलदार इकौना मुकेश कुमार शर्मा ने ईवीएम के बीयू व सीपीयू सहित वीवीपैट को खोलने, बंद करने, चलाने, स्लिप निकालने आदि के बारे में प्रशिक्षण दिया।
मौके पर रजिस्ट्रार कानूनगो निर्वाचन नंद किशोर पांडेय, भाजपा के विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पाटेश्वरी प्रसाद मिश्रा, महेंद्र कुमार पटेल, अरुणेंद्र कांत सिंह, प्रभाकर त्रिपाठी, राजेश पांडेय, बंसराज शुक्ला मौजूद रहे।