श्रावस्ती। चहलवा गांव के पास सड़क किनारे खेल रही बालिका को गुरुवार को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बालिका की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग गया।
लखीमपुर खीरी के थाना व ग्राम धौरहरा निवासी शमसुद्दीन पुत्र फय्याज मेहनत मजदूरी करने के लिए भिनगा आया था। वह भिनगा में चहलवा गांव के पास ईंट भट्ठे पर ईंट पाथने का काम करता है।
शमसुद्दीन भट्ठे के पास भिनगा परसा मार्ग किनारे झोपड़ी बनाकर परिवार सहित रहता है। गुरुवार को उसकी पुत्री काजल (6) खेलते-खेलते सड़क पर आ गई।
तभी भिनगा से अपने घर मछरिहवा के मजरा मुराउनपुरवा लौट रहे गोपाल पुत्र छोटूराम की बाइक से काजल को टक्कर लग गई। बाइक की स्पीड काफी तेज होने के कारण ठोकर लगते ही काजल छिटककर दूर जा गिरी।
घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गोपाल बाइक समेत मौके से भाग गया। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया।
बालिका की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। भिनगा इंस्पेक्टर बीके सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी बाइक चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।