गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला कस्बा निवासी एक युवती का शव शुक्रवार शाम उसी के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। घटना के समय युवती के परिवारीजन घर से बाहर थे। परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया। पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
गिलौला थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बा निवासी छोटकऊ की पुत्री पूजा (19) बासुदेव सिंह महाविद्यालय में बीए की छात्रा थी। शुक्रवार को छोटकऊ किसी काम से दूसरे गांव गया हुआ था। उसकी मां खेत पर काम करने गई थी। इस दौरान पूजा घर पर अकेली थी।
शाम को जब छोटकऊ की पत्नी वापस घर लौटी तो पूजा नहीं दिखी। अंदर जाकर देखने पर पूजा का शव उसी के कमरे में लगे कुंडे में फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना महिला ने पति छोटकऊ को दी। मौके पर पहुंचे छोटकऊ ने घटना की जानकारी गिलौला पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया, और पंचनामा भरा कर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक गिलौला विजय बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।