कोटेदार कर रहा अनाज की कालाबाजारी
दूसरे गांव के दर्ज नामों से किया जा रहा खेल
गिलौला (श्रावस्ती)। अनाज पात्रता सूची में दूसरे गांव के दर्ज नामों का अनाज उठाकर कोटेदार ने कालाबाजारी कर दी। इसकी शिकायत की जांच में मामले का खुलासा हुआ। जांच के दौरान स्टाक में जितना अनाज होना चाहिए वो भी नहीं मिला। जांच अधिकारी ने रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही है।
गिलौला के कोटेदार के यहां गलती से मोमदापुर व एकघरवा गांव की साठ यूनिट दर्ज हो गई। इस यूनिट को कोटेदार ने निरस्त कराने के बजाए, इसकी उठान करके उठाए गए अनाज को बेच लिया। इसकी शिकायत गिलौला के ही जितेंद्र गुप्ता ने एसडीएम इकौना से किया। एसडीएम इकौना ने मामले की जांच का निर्देश नायब तहसीलदार राजेश प्रताप सिंह को सौंपा। नायब तहसीलदार की जांच में शिकायत की पुष्टि हुई। जांच के दौरान मई के अंत तक कोटेदार के पास एक क्विंटल 80 किलोग्राम गेहूं, तीन क्विंटल 69 किलोग्राम चावल व 28 लीटर केरोसिन स्टॉक में उपलब्ध होना चाहिए था। जबकि स्टॉक रजिस्टर में कोटेदार द्वारा सूची के मुताबिक 459 लोगों के नाम अनाज व केरोसिन खारिज किया गया दर्शाया गया। जिसमें साठ यूनिट दूसरे गांव का भी हैं। उनका अनाज देना बताया गया है। इस बिंदु की जांच की जा रही है। इसकी रिपोर्ट जल्द ही एसडीएम को प्रेषित की जाएगी।