भैंस को पकड़ने गया वृद्ध राप्ती में डूबा
श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शिवबालक पुरवा निवासी एक वृद्ध शनिवार शाम राप्ती नदी के दूसरे छोर से भैंस लेने गया था। नदी पार करते समय वह गहरे पानी में चला गया। इससे वह राप्ती नदी में डूब गया। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने गोताखोरों के सहयोग से वृद्ध की खोज की, लेकिन पता नहीं चल सका।
शिवबालक पुरवा निवासी संतराम यादव (65) शनिवार को भैंस चराने राप्ती नदी के किनारे गया था। इस दौरान भैंस राप्ती नदी में चली गई। कुछ देर बाद भैंस नदी के दूसरे छोर पर पहुंच गई। देर शाम तक जब भैंस नहीं लौटी तो उसे वापस लाने के लिए संतराम राप्ती नदी के दूसरे छोर पर जाने लगा। इसी बीच गहरे पानी में जाने के कारण वह राप्ती नदी में डूब गया। वहां मौजूद चरवाहों की सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से संतराम को खोजने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी परिवारीजनों ने कोतवाली भिनगा पुलिस को दी है। पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर गोताखोरों की मदद से वृद्ध की तलाश शुरू कराई है।
************************************
किशोरी से छेड़छाड़, मामला दर्ज
जमुनहा (श्रावस्ती)। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी शुक्रवार शाम खेतों की ओर गई थी। जहां पहले से मौजूद युवक ने किशोरी से छेड़छाड़ की। किशोरी के शोर मचाने पर पास के खेत में काम कर रही महिला को आता देख युवक धमकी देते हुए वहां से भाग गया। पीड़ित किशोरी ने घर आकर परिवारीजनों को आप बीती सुनाई। शनिवार को थाने पहुंचे परिवारीजनों ने युवक के विरुद्ध मामला दर्ज करने को तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।