सामूहिक विवाह मंडप में बैठे नव दंपती
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट के तथागत सभागार में मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 63 जोड़ों ने एक दूजे का हाथ थामा। कार्यक्रम के बाद नव दंपतियों को प्रमाणपत्र व उपहार प्रदान किया गया।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम का जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा, एसडीएम प्रवीण यादव व संजय कुमार तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. अमरनाथ यति ने द्वीप प्रज्ज्वलित व कलश पूजन कर शुभारंभ किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार की इस योजना से गरीब व असहाय लोगों को सीधे लाभांवित किया जा रहा है। ऐसे व्यक्ति जो गरीबी के कारण अपनी बेटियों का विवाह करने में सक्षम नही हैं उनके लिए यह योजना वरदान स्वरूप है। एडीएम ने कहा कि इस योजना के तहत लाभार्थी जोड़ों को एक लाख रुपये की धनराशि दी गई है। इसमें 60 हजार रुपये उनके खाते में हस्तानांतरित किया जाता है तथा 25 हजार रुपये का उपहार व 15 हजार रुपये खाना, टेंट आदि में खर्च किया जाता है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि सामूहिक विवाह के तहत 79 जोड़ों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से कुल 63 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इसमें विकास खंड इकौना के 10, गिलौला के 19, हरिहरपुररानी के नौ, जमुनहा के 13, सिरसिया के आठ, नगर पालिका परिषद भिनगा के चार जोड़े शामिल हैं। इन नव दंपतियों में अल्पसंख्यक वर्ग के आठ, अन्य पिछड़ा वर्ग के 24, अनुसूचित जाति के 20, अनुसूचित जनजाति के छह व सामान्य वर्ग के पांच जोड़े शामिल रहे। इस मौके पर वरिष्ठ कोषाधिकारी विनीत कुमार, डीडीओ रामसमुझ, जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज, डीपीओ पीके दास, जिला बचत अधिकारी रामप्रसाद, योगेंद्रमणि त्रिपाठी सहित अन्य मौजूद रहे।