कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में मौजूद डीएम व अन्य।
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में जिला सतर्कता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस दौरान डीएम ने विद्यालयों में नए विद्यार्थियों के नामांकन के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने टास्क फोर्स के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रत्येक माह अपने लक्ष्य के अनुसार विद्यालयों का निरीक्षण करें। निरीक्षण में योजनाओं के तहत कराए जा रहे कार्यों, शिक्षण कार्य की गुणवत्ता आदि को विशेष रूप से परखें। सभी विद्यालयों में चाहरदीवारी, पेयजल, शौचालय, दिव्यांग शौचालय आदि को भी देखें। डीएम ने कहा कि सभी विद्यालयों की ओर से अभियान चलाकर अधिक से अधिक नामांकन कराएं। सर्वे कराकर विद्यालय न जाने वाले बच्चों का चिह्नांकन करें तथा उन्हें विद्यालय आने के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर शाहिद अहमद, संदीप कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी निलेश प्रताप सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।