श्रावस्ती। जिले के नगरीय क्षेत्र में रहने वाले 60 गरीबों को उनके नसीब पर ही आवास मिल सकेगा। ऐसा इसलिए कि 28 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभागार में लाटरी के माध्यम से आवास के लिए लाभार्थी का चयन किया जाएगा।
जिले की नगर पालिका परिषद भिनगा व नगर पंचायत इकौना सीमा क्षेत्र में रहने वाले गरीबों को आवास देने के लिए साठ आसरा आवास का निर्माण कराया गया है।
इनमें से भिनगा में 24 व इकौना में 36 आसरा आवास बनाए गए हैं। इसे गरीबों को आवंटित करने की जिम्मेदारी जिला नगरीय विकास अभिकरण को सौंपी गई है।
आवास आवंटन से पूर्व इसमें कई प्रकार की अनियमितता बरते जाने की शिकायत भी सुनने को मिली। ऐसे में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने परियोजना अधिकारी जिला नगरीय विकास अभिकरण संजय कुमार सिंह को पूरी पारदर्शिता के साथ आवास आवंटन कराने का निर्देश दिया गया था।
इस पर उनके द्वारा प्राप्त आवेदन पत्रों के लाभार्थियों के पात्रता की जांच कराई गई। इसके बाद भी आवास आवंटन के लिए लाभार्थियों की संख्या ज्यादा मिली।
ऐसे में आवास आवंटन के दौरान पारदर्शिता बनी रहे, इसके लिए 28 फरवरी को सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में लाटरी के माध्यम से आवासों का आवंटन किया जाएगा। पात्रों को आवास के लिए अब अपनी किस्मत का ही सहारा होगा।