एबीआरसी चयन को होगी लिखित परीक्षा
श्रावस्ती। बेसिक शिक्षा विभाग में रिक्त 25 एबीआरसी चयन के लिए लिखित परीक्षा होगी। 25 जून को होने वाली परीक्षा में जिले भर के कुल 45 शिक्षक प्रतिभाग करेंगे। लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले को कई अन्य मानकों पर भी खरा उतरना होगा।
सर्व शिक्षा अभियान में शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन के लिए सभी ब्लॉकों पर पांच पांच एबीआरसी का चयन किया जाना है। यह एबीआरसी सामाजिक विषय, गणित, विज्ञान, हिन्दी व अंग्रेजी विषयों के विशेषज्ञ होते हैं। इनके चयन के लिए 25 जून को जीजीआईसी भिनगा में 11 बजे से चयन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस बारे में और अधिक जानकारी देते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका चतुर्वेदी ने बताया कि एबीआरसी चयन के लिए कुल 45 लोगों ने आवेदन किया है। इनकी सुची सभी बीआरसी भवन पर पहले ही चस्पा की जा चुकी है। एबीआरसी चयन में 40 अंकों की लिखित परीक्षा होगी, 30 अंकों की गुणवत्ता परीक्षा, 20 अंकों का शिक्षण अनुभव एवं 10 अंक साक्षात्कार के लिए दिए जाएंगे। साक्षात्कार में व्यक्तित्व परीक्षण, मनोवृत्ति, नेतृत्व क्षमता एवं संप्रेषण क्षमता पर अंक दिया जाना है।