श्रावस्ती। राजकीय आईटीआई भिनगा में गुरुवार को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें 486 अभ्यर्थियों को रोजगार मिला। इसकी शुरुआत पूर्व सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, राजकीय आईटीआई भिनगा व जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से गुरुवार को वृहद रोजगार मेले आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व सांसद व अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्र ने कहा कि पहले जहां इस तरह रोजगार प्राप्त करने के लिए युवाओं को दर-दर भटकना पड़ता था। वहीं आज जिलावार ऐसे मेले का आयोजन कर सरकार शिक्षित युवाओं को रोजगार दे रही है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुभाष सत्या ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ओर से शुरू किए गए कौशल विकास मिशन द्वारा तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को कंपनियां उन्हीं के जिलों में आकर रोजगार बांट रही हैं। जिससे देश के युवाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिल रही है। इस दौरान 15 कंपनियों की ओर से 1055 अभ्यर्थियों में से साक्षात्कार के माध्यम से 486 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया।
इस मौके पर जिला बचत अधिकारी राम प्रसाद, जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन राजकुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी आशा वर्मा, वरिष्ठ सहायक आईटीआई सुनील कुमार गौतम, कौशल विकास मिशन के प्रबंधक अरविंद चौरसिया, संदीप सिंह, पंकज मिश्रा, ठाकुर प्रसाद तिवारी, सुनील तिवारी, संजय प्रधान, पवन मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहें।