रोजगार मेले में प्रमाण पत्र प्रदान करते अधिकारी
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। भिनगा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ डीएम व सीडीओ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेल में 21 कंपनियों ने साक्षात्कार के माध्यम से 469 नवयुवकों का चयन किया। जिन्हें डीएम व सीडीओ द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई परिसर में आयोजित रोजगार मेले में डीएम टीके शिबु ने अभ्यर्थियों से कहा कि दृढ़ इच्छा शक्ति एवं कड़ी मेहनत से ही बड़ा से बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है। जिन बेरोजगारों को कंपनियों ने आज साक्षात्कार के पश्चात नियुक्ति पत्र प्रदान किया है। वह मेहनत से काम करके आगे बढ़े और कोई भी काम ऐसा न करें जिससे उनके घर या जनपद की छवि धूमिल होने की संभावना हो। वह अपने काम के साथ-साथ आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास भी जारी रखें। जिससे उनके अभिरुचि के अनुसार और बेहतर रोजगार मिले। जिन बेरोजगारों का आज रोजगार मेले में नौकरी के लिए चयन नहीं हुआ वह निराश न हो प्रयास जारी रखें। निश्चित ही एक दिन उन्हें बेहतर नौकरी का अवसर मिलेगा।
सीडीओ ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप यहां पर रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। मेले में आए सभी बेरोजगार नवयुवक अपनी अभिरुचि के अनुसार संबंधित स्टाल पर जाकर साक्षात्कार देकर नियुक्ति पत्र हासिल करें। जिला सेवायोजन अधिकारी आरबी चतुर्वेदी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि अधिक से अधिक लोगों को रोजी रोजगार से जोड़ा जाए। जिससे सभी लोगों को सामाजिक और आर्थिक रूप से उत्थान हो। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी राकेश रमन, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, आईटीआई के प्राचार्य रामसिंह, आशुतोष पांडे, जिला उद्यान अधिकारी दिनेश चौधरी सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
इनको मिला रोजगार
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई परिसर में वृहद रोजगार मेले में 1047 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इसमें से विभिन्न पदों के लिए 469 लोगों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया गया। जबकि शुरुआत में ही नेशनल कंस्ट्रक्शन में कंप्यूटर ऑपरेटर पद के लिए आवेदन करने वाले आकाश वर्मा, संत कुमार, राजू वर्मा, उमेश मिश्रा, लवकुश वर्मा, पिंकू वर्मा, विरेन्द्र कुमार, मारूत नन्दन मिश्रा व सिक्योरिटी गार्ड के लिए आवेदन करने वाले पवन कुमार मिश्रा, बलिराम पाठक का चयन किया गया। जिन्हें डीएम व सीडीओ ने नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया। वहीं कौशल विकास मिशन द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त प्रशिक्षार्थी इकरा परवीन, पप्पु लाल आर्य को प्रमाण पत्र प्रदान किया।