श्रावस्ती। लोकतंत्र के चुनाव में रविवार को आम मतदाता की तरह अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर वोटरों को मतदान के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अपनी पत्नी के साथ बगुरइयां प्राथमिक विद्यालय में मतदान किया। यहीं पर सीडीओ अवनीश राय ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोगों को संदेश दिया कि चुनाव में एक-एक वोट कितना महत्वपूर्ण है।
उधर, सांसद व भाजपा प्रत्याशी दद्दन मिश्र ने अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज में अपनी पत्नी विमला मिश्रा के साथ वोट डाला। जबकि, भिनगा विधायक असलम रायनी ने अपने परिवारीजनों के साथ पूरेखैरी बूथ पर मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, विधायक श्रावस्ती रामफेरन पांडेय ने भी पूरे परिवार के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।