श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट के तथागत सभागार में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से वृहद सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया गया। जिला जज रमेश चन्द-1 ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। विभिन्न विभागों ने 4687 लाभार्थियों का पंजीकरण किया, जबकि 3150 लोगों को योजनाओं का लाभ दिया गया।
जिला जज ने दो लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी, 10 दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल और दो को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के चेक सौंपे। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय रामचन्द्र यादव ने वृद्धावस्था पेंशन प्रमाणपत्र और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के टूलकिट वितरित किए। अपर जिला जज अवनीश गौतम ने हियरिंग मशीन दी।
सिविल जज विनीत कुमार यादव ने 20 लोगों को बीज किट व भवन स्वामी प्रमाणपत्र दिए। प्राधिकरण सचिव अनुप्रिया और न्यायिक मजिस्ट्रेट दिलीप साहनी ने पांच दिव्यांगों को स्मार्ट छड़ी किट दी। सिविल जज अरविंद कुमार मद्धेशिया ने 20 लोगों को राशन कार्ड तथा ग्राम न्यायालय इकौना के न्यायाधिकारी अमर सिंह ने दो लोगों को शौचालय प्रमाणपत्र दिए। एडीएम (न्यायिक) अशोक कुमार ने छह लोगों को किसान क्रेडिट कार्ड और बार एसोसिएशन महामंत्री सतीश कुमार मौर्य ने किसानों को स्प्रिंकलर मशीनें दीं। संचालन पैनल अधिवक्ता अशोक कुमार शर्मा ने किया। इस मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।