साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा देते परिक्षार्थी।
- फोटो : साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा देते परिक्षार्थी।
श्रावस्ती। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से रविवार को साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान कुल 300 निरक्षरों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। निरक्षरों को साक्षर बनाने के लिए समग्र शिक्षा अभियान के तहत उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत निरक्षरों का चयन उन्हें साक्षर बनाया जा रहा है, जिससे वह भी सामान्य लोगों की तरह समाज में हस्ताक्षर बना सकें और चीजों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
जिला समन्वयक अजीत उपाध्याय ने बताया कि रविवार को 60 विद्यालयों में एक घंटे की साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा कराई गई, जिसमें 300 निरक्षर शामिल हुए। परीक्षा में उल्लास पोर्टल पर दर्ज 15 वर्ष या उससे अधिक आयु वाले निरक्षरों को शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि परीक्षा के प्रश्न पत्र में बुनियादी कौशल विकास के तहत पढ़ना, लिखना, गिनना आदि को शामिल किया गया है।
निरक्षरता मिटाने में मिलेगी मदद
परीक्षा को सुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी बीईओ को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। भ्रमणशील रहकर बीईओ परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते रहे। इस कार्यक्रम से असाक्षरता को मिटाने में मदद मिलेगी।
- अजय कुमार, बीएसए