बीज की दुकानों पर छापा मारते जिला कृषि अधिकारी
श्रावस्ती। खाद की कालाबाजारी रोकने और किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराने के लिए बृहस्पतिवार को जिले में छापा मारा गया। डीएम के निर्देश पर गठित तीन टीमों ने 28 दुकानों की जांच की। अनियमितता मिलने पर पांच दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जबकि नौ दुकानों से खाद के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. उमेश गुप्ता ने बताया कि भिनगा तहसील क्षेत्र में 11 दुकानों की जांच कर तीन नमूने लिए गए। सिरसिया के लक्ष्मणपुर बाजार स्थित हरीश खाद बीज भंडार और धर्मेंद्र कुमार खाद बीज भंडार को स्टॉक रजिस्टर व रेट बोर्ड अद्यतन नहीं मिलने पर नोटिस दिया गया। इकौना में आठ और जमुनहा में नौ दुकानों की जांच की गई।
दुकानदारों को स्टॉक और वितरण रजिस्टर अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। किसानों को फार्मर आईडी से खाद देने और प्रति हेक्टेयर सात बोरी यूरिया व पांच बोरी डीएपी वितरित करने को कहा गया। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।