मां सरस्वीत के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्रीय लोक अदालत की शुरूआत करते जिला एवं स
श्रावस्ती। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को दीवानी न्यायालय सहित जिले के सभी न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश धर दुबे ने दीवानी न्यायालय परिसर में मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत की शुरुआत की। इस दौरान 2789 वादों का निपटारा कर 97,42, 050 रुपये का समझौता कराया गया।
जिला जज राकेश धर दुबे ने आपराधिक याचिका के पांच वादों का निपटारा कर 2500 रुपये जुर्माना वसूला। कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश आनंद कुमार प्रथम ने वैवाहिक मामलों से संबंधित आठ व भरण-पोषण के आठ वाद निपटाए।
एडीजे अमित कुमार प्रजापति ने विद्युत अधिनियम के 22 वाद निस्तारित कर 54 हजार रुपये जुर्माना लगाया। उन्होंने 54 अन्य वादों का निपटारा भी किया। स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार सिंह ने दो वाद निस्तारित कर 4,94,397 रुपये का समझौता कराया।
कलेक्ट्रेट में राजस्व से संबंधित 1081 मामले निपटाकर 2,73,173 रुपये जुर्माना लगाया व क्रिमिनल से संबंधित 238 वाद निपटाए। प्री-लिटिगेशन से संबंधित बैंक रिकवरी के 260 प्रकरणों का निपटारा कर 84,38,600 रुपये का समझौता कराया गया। बिजली बिल के 78 वाद निस्तारित कर 4,50,000 रुपये वसूले गए। इस दौरान एडीजे अवनीश गौतम, विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव अनुप्रिया, अशोक शर्मा आदि मौजूद रहे।