जमुनहा तहसील दिवस फिरियाद सुनते डीएम साथ में एसपी व अन्य अधिकारी।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। शिकायतों के निस्तारण में संबंधित अधिकारी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। फर्जी रिपोर्ट लगाने वाले अधिकारी व कर्मचारी निलंबित होंगे। सरकार जन शिकायतों के निस्तारण के लिए गंभीर है। इस लिए आप स्थानीय स्तर पर ही शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उसका त्वरित निपटारा करें। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता कदापि न बरती जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह बातें मंगलवार को जमुनहा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ओपी आर्य ने कहीं। इस दौरान मोगला निवासी रामसेवक गौतम ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके गांव में विद्युत पोल लग गए हैं और बिजली के कनेक्शन भी दे दिए गए हैं। इसके बावजूद अभी तक विद्युत आपूर्ति नहीं शुरू की गई है।
इसको गंभीरता से लेते हुए डीएम ने अधिशासी अभियंता पावर कॉर्पोरेशन को निर्देश दिया कि तत्काल तार जुड़वाकर आपूर्ति बहाल कराएं। ददौरा निवासी परमानंद पुत्र केशव ने चकमार्ग पर कब्जे की शिकायत की। इस पर डीएम ने तहसीलदार को पुलिस व राजस्व की टीम भेजकर कब्जा हटवाने का निर्देश दिया। बरवारनपुरवा निवासी हसीना पत्नी शाबिर ने खेत में लगे धान की फसल को गांव के ही कुछ लोगों पर मवेशियों से चराने का आरोप लगाया।
इस पर सीओ जमुनहा को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। इस दौरान यहां कुल 40 शिकायतें आईं। इनमें से आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
इकौना तहसील में एडीएम योगानंद पांडेय के नेतृत्व में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 139 शिकायतें आईं। इनमें से 21 का मौके पर निपटारा किया गया। वहीं भिनगा में सीडीओ अवनीश राय के नेतृत्व में आयोजित समाधान दिवस में 87 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से मौके पर पांच शिकायतों का ही निपटारा किया गया।