श्रावस्ती। जिले में प्रवासी श्रमिकों का आगमन लगातार जारी है। जिन्हें भिनगा के स्पोर्ट्स स्टेडियम, जमुनहा के नासिरगंज व इकौना के जगतजीत इंटर कॉलेज में बने स्क्रीनिंग सेंटर ले जाया जा रहा है। जहां सभी की स्कैनिंग कराने के बाद उन्हें भोजन पानी व खाद्यान्न देकर घर भेजा जा रहा है।
जिले में शुक्रवार को मुंबई, पंजाब, जालंधर, गुजरात सहित अन्य प्रदेशों से 2511 प्रवासी मजदूर बसों से पहुंचे। सभी की जांच कर उन्हें 21 दिनों तक होम क्वारंटीन के लिए भेजा गया। जिले में शुक्रवार को मुंबई, पंजाब, जालंधर, गुजरात सहित अन्य राज्यों से 2511 प्रवासियों का जत्था बसों से पहुंचा।
इनमें से 944 प्रवासी श्रमिक इकौना के जगतजीत इंटर कॉलेज पहुंचे। जहां मौजूद एसडीएम राजेश मिश्र ने सभी की थर्मल स्क्रीनिंग कराई। इस दौरान यहां मौजूद श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय ने प्रवासी मजदूरों को लंच पैकेट व राशन किट प्रदान किया। विधायक ने प्रवासियों को बताया कि कोरोना की कोई दवा अभी तक नहीं बन पाई है।
ऐसे में सामाजिक दूरी ही इसका मुख्य इलाज है। उन्होंने प्रवासी मजदूरों से होम क्वारंटीन के दौरान नियमों का पालन करने व सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखते हुए परिवार व गांव के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए कहा। इस दौरान तहसीलदार शिवध्यान पांडेय, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय कुमार मिश्रा मौजूद रहे।
वहीं भिनगा के स्पोर्ट्स स्टेडियम में 917 प्रवासियों का जत्था पहुंचा। जहां मौजूद तहसीलदार भिनगा राजकुमार पांडेय ने सभी को बिस्किट, पानी व लंच पैकेट प्रदान किया। इसके बाद सभी की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। स्क्रीनिंग के बाद सभी को राशन किट देकर होम क्वारंटीन के लिए भेजा गया।
वहीं जमुनहा के नासिरगंज स्थित सेठ प्रभुदास इंटर कॉलेज में 650 प्रवासियों का आगमन हुआ। जहां मौजूद एसडीएम आरपी चौधरी ने सभी की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। इसके बाद सभी को लंच पैकेट, बिस्किट व राशन किट देकर 21 दिनों तक अपने घरों में एकांतवास करने, अपने बर्तन व कपड़े स्वयं धोने, सदैव मास्क का प्रयोग करने, हाथ को साबुन से धुलने, सैनिटाइजर का उपयोग करने, किसी भी दशा में परिवार या किसी अन्य के नजदीक जाकर हाथ न मिलाने की नसीहत देकर सभी को उनके घर भेजा।