नव नियुक्त आंगनबाड़ी को नियुक्ति पत्र प्रदान करते जिला पंचायत अध्यक्ष साथ में डीएम व श्रावस्ती
श्रावस्ती। बाल विकास परियोजना के तहत जिले में 225 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का चयन हुआ है। बुधवार को इन्हें नियुक्ति पत्र देने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें मौजूद अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र बांटे। जिसकी खुशी कार्यकर्ताओं के चेहरे पर झलक रही थी।
डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी रही। मैंने स्वयं ब्लॉकवार इसकी समीक्षा की ताकि कहीं कोई कमी न रहे। नियुक्ति पत्र पाने वालों में हरिहरपुर रानी क्षेत्र की 55, सिरसिया की 44, जमुनहा की 41, गिलौला की 38 व इकौना की 39 कार्यकर्ताओं समेत शहर परियोजना भिनगा की आठ कार्यकर्ता शामिल हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब पूरी पारदर्शिता से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का चयन हुआ। श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं को नौकरी व रोजगार दे रही है। एमएलसी साकेत मिश्रा ने कहा कि आप पूरी ईमानदारी से अपने कर्तव्य का पालन करें, यदि कोई आपको परेशान करे तो तुरंत बताएं। इस दौरान सीडीओ शाहिद अहमद, डीपीओ पीके दास, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के जिला समन्वयक राजकुमार त्रिपाठी व पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी, सीडीपीओ, सुपरवाइजर व नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।