जमुनहा (श्रावस्ती)। बनगई साप्ताहिक पशु बाजार में दुकान लगाने की बात को लेकर कुछ लोगों ने रविवार को दुकानदार की पिटाई कर दी।
इसी बीच पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके तीन साथी मौके से भाग गए। घायल दुकानदार को सीएचसी मल्हीपुर में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र मल्हीपुर के ग्राम बरगदहा के मजरा टेपरी निवासी अनवार पुत्र रमजान रविवार को साप्ताहिक पशु बाजार बनगई गया था जहां उसने मूंगफली की दुकान लगाई थी।
गांव के ही नूर अहमद पुत्र बाले ने अनवार को वहां दुकान लगाने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया।
इस पर नूर अहमद के पुत्र गूठे, ससिले व लड्डन पुत्र निसार अहमद भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने अनवार की दुकान को वहां से हटा दिया।
चारों ने मिलकर अनवार की पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच वहां पहुंचे मल्हीपुर थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडे ने नूर अहमद को गिरफ्तार कर लिया जबकि नूर अहमद के दोनों पुत्र गूठे व ससिले सहित लड्डन मौके से भाग गए।
पुलिस ने अनवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल अनवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर में भर्ती कराया गया है।