तुलसीपुर (श्रावस्ती)। हरदत्त नगर गिरंट जंगल में अवैध कटान हो रही है। इसका खुलासा करते हुए वन विभाग की टीम ने एक छोटे ट्रक पर लाद कर ले जाई जा रही सागौन की 23 बोटा लकड़ी बरामद की।
इसे ट्रक सहित वन कार्यालय ले जाया गया। हरदत्त नगर गिरंट जंगल में हो रही अवैध कटान की खबरों पर प्रभागीय वनाधिकारी ने वन क्षेत्राधिकारी को इसे रोकने का निर्देश दिया था।
इस पर वन रक्षक सुधीर मिश्रा, दैनिक श्रमिक विनोद सिंह व कुआरे रात में जंगल में गश्त पर गए थे। इस दौरान हरदत्त नगर गिरंट जंगल के कक्ष संख्या 3 में उन्हें किसी वाहन की आवाज सुनाई दी।
पास जाकर देखा कि माफिया एक छोटे ट्रक में सागौन की लकड़ी लाद रहे थे। इसकी सूचना वन रक्षक ने वन कार्यालय हरदत्त नगर गिरंट में दी।
मौके पर पहुंचे वन क्षेत्राधिकारी दुर्गा प्रसाद साहू, वन दरोगा रमेश चंद्र वर्मा ने घेराबंदी कर नहर के निकट ट्रक को रोक लिया। इस पर ट्रक में मौजूद लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए।
वन कर्मियों ने मिनी ट्रक सहित उस पर लदी सागौन की 23 बोटा लकड़ी वन कार्यालय हरदत्त नगर गिरंट लाकर सीज कर दिया है। इस बारे में रेंजर ने बताया कि ट्रक शैलेंद्र कुमार मौर्या निवासी नबाबगंज बाराबंकी का है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।