सिरसिया (श्रावस्ती)। अपने भाई से अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी का कत्ल कर दिया। पत्नी के गर्दन पर खुरपी से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में थाने पहुंच जुर्म भी कुबूल कर लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम फरचलवा निवासी रामकुमार दूबे का भाई गिरधारी दूबे परदेश में रह कर मजदूरी कर रहा है। उसने बुधवार रात रामकुमार की पत्नी जय अंबे (32) को फोन किया था।
पत्नी को गिरधारी से बात करते सुन रामकुमार आग बबूला हो गया। इसे लेकर दंपती में गुरुवार को विवाद हुआ। इसके बाद नाराज रामकुमार ने घर में रखी खुरपी से पत्नी की गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद सिरसिया थाने पहुंचे राम कुमार ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दी। रामकुमार का आरोप था कि पत्नी का आरोपी के भाई गिरधारी से अवैध संबंध था।
जिसके द्वारा फोन पर दो चार दिन में गांव आने की बात कही गई थी। उसने पत्नी को अपने साथ परदेश ले जाने को कहा था।
थानाध्यक्ष सिरसिया वाईके चौधरी ने बताया कि मृतका के भाई महराज सम्राट की तहरीर पर रामकुमार के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।