पांच बीडीओ और पांच एडीओ को प्रतिकूल प्रविष्ट
गांवों में शौचालय निर्माण में रुचि नहीं लेने पर डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
तेरह सचिवों पर भी होगी कार्रवाई, 75 ग्राम प्रधानों को भेजी जाएगी नोटिस
श्रावस्ती। गांवों में शौचालय निर्माण में रुचि नहीं लेने पर पांच बीडीओ सहित पांच एडीओ पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की जाएगी। इसके साथ ही तेरह ग्राम सचिवों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई होगी। यह आदेश शुक्रवार देर शाम डीएम ने स्वच्छता समिति की बैठक के दौरान दिया। इसके साथ ही खराब प्रगति वाले 75 ग्राम प्रधानों को भी नोटिस भेजने का आदेश दिया गया है।
स्वच्छता समिति की बैठक शुक्रवार की देर शाम डीएम दीपक मीणा की अध्यक्षता में हुई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में पता चला कि खंड विकास अधिकारी गांवों में शौचालय निर्माण में रुचि नहीं ले रहे हैं। इससे नाराज डीएम ने पांच खंड विकास अधिकारी, पांच एडीओ पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश सीडीओ को दिया। इसके साथ ही समीक्षा के दौरान पाया गया कि ग्राम सचिव राजेश कुमार, शिव कुमार वर्मा, राजकुमार तिवारी, कृष्ण कुमार भारती, राधेश्याम यादव, विनोद अवस्थी, सुशील कुमार, रामचंद्र सिंह, अरविंद त्रिपाठी, संजय श्रीवास्तव, मकरंद वर्मा, मुकेश कुमार एवं मंगला प्रसाद द्वारा भी शौचालय निर्माण में रुचि नहीं ले रहे हैं। इसके चलते जिले का लक्ष्य अधूरा है। ऐसे में डीएम ने 13 ग्राम सचिवों के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई का निर्देश डीपीआरओ को दिया है। उधर शौचालय निर्माण का लक्ष्य नगण्य मिलने पर 75 ग्राम प्रधानों को भी नोटिस देने का निर्देश दिया है। इस दौरान डीएम ने गांवों को खुले में शौच से मुक्त करने के लिए आर्ट ऑफ लिविंग के युवाओं को प्रशिक्षित कर जागरूकता का कार्य कराने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान परियोजना निदेशक प्रशांत श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. राम गोपाल, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी राकेश रमन, उप निदेशक कृषि डॉ. पीके कनौजिया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका चतुर्वेदी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी योगेश यादव सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।