श्रावस्ती। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शुक्रवार को होमगार्ड जवानों ने कलेक्ट्रेट से रैली निकाली जो कार्यक्रम स्थल जूनियर हाई स्कूल भिनगा पहुंची। यहां डीएम ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने मौजूद लोगों को मतदान करने की शपथ दिलाई। साथ ही तहसील क्षेत्र के नए मतदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित करते हुए पहचान पत्र दिया।
डीएम दीपक मीणा ने कहा कि मतदान करना हमारा राष्ट्रीय धर्म है। हमारा एक वोट लोकतंत्र को मजबूत सरकार देता है। इसलिए हमें जाति धर्म से परे होकर राष्ट्रहित में मतदान करना चाहिए। इस दौरान एडीएम योगानंद पांडे ने कहां कि मतदान के दिन घरों में न बैठ कर पोलिंग बूथ पहुंचे व मतदान कर राष्ट्रधर्म का निर्वहन करें।
इस दौरान एसडीएम भिनगा चंद्रमोहन गर्ग, बीएसए ओमकार राणा, तहसीलदार राजकुमार पांडे, बीईओ हरिहरपुररानी व जमुनहा अखिलेश यादव सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
इकौना तहसील में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर एसडीएम रालेश कुमार मिश्रा ने कहा कि आज हम सभी को यह शपथ लेनी होगी कि जाति, धर्म, मजहब, क्षेत्र व भाई-भतीजा वाद से ऊपर उठकर देश के विकास के लिए अनिवार्य रूप से मतदान करेंगे। इस दौरान उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके लोगों को मतदाता पहचान पत्र प्रदान किया।
इकौना के जगतजीत इंटर कॉलेज, भिनगा के शिवालिक महाविद्यालय, राजा वीरेंद्र कांत सिंह महाविद्यालय, सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय भिनगा, चौधरी श्यामता प्रसाद महिला महाविद्यालय सहित कई अन्य स्थलों पर कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों से मजबूत गणतंत्र के लिए मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई।