नेपाल में निकाय चुनाव को लेकर सील रही सीमा
अमर उजाला ब्यूरो
जमुनहा (श्रावस्ती)। नेपाल में बुधवार को हुए दूसरे चरण के निकाय चुनाव के दौरान भारत-नेपाल सीमा सील रही। इस दौरान सीमा पर एसएसबी जवानों ने कड़ी चौकसी बरती। चुनाव के कारण सीमापार आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
नेपाल राष्ट्र में दूसरे चरण के निकाय चुनाव का बुधवार को मतदान कराया गया। इस दौरान दोनों देशों द्वारा सीमा सील कर दी गईं। ऐसे में सीमा पार से अवैध गतिविधियां संचालित न हाें इसके लिए सशस्त्र सीमा बल 62वीं वाहिनी के कोदिया बीओपी, सागर गांव बीओपी, जमुनहा बीओपी, ककरदरी बीओपी, घुड़दौरिया बीओपी व तुरसमा बीओपी के जवानों ने कड़ी चौकसी बरती। ऐसा ही कुछ पिलर संख्या 644 सागर गांव बीओपी के निकट देखने को मिला। जहां एसएसबी जवानों ने गश्त करके लोगों को सीमा पार आने-जाने पर पूरी तरह से रोक लगा रखी थी। जमुनहा बीओपी के इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि सीमा पार चुनाव को लेकर कड़ी चौकसी बरती जा रही है। इस दौरान जवान पारंपरिक व गैर पारंपरिक रास्तों के साथ ही जंगल व नदी के मार्गों की भी निगरानी कर रहे हैं।