श्रावस्ती। लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा। जिला प्रशासन ने सकुशल मतदान संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान कराने के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट से पोलिंग पार्टियों को ईवीएम समेत अन्य सामग्री देकर बूथों के लिए रवाना किया गया। विभिन्न पार्टियों के 12 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज 778362 मतदाता जिले के 815 मतदेय स्थलों पर वोट डालकर ईवीएम में कैद करेंगे।
लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को सुबह सात बजे से मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। शाम पांच बजे तक चलने वाले इस मतदान में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में बनाए गए 491 मतदान केंद्रों के 815 मतदेय स्थलों में 222 मतदान केंद्र संवेदनशील और 87 मतदान केंद्र अति संवेदनशील चिन्हित किए गए हैं।
मतदान केंद्रों पर सकुशल चुनाव संपन्न कराने के लिए शनिवार को 815 पोलिंग पार्टियों को ईवीएम व अन्य चुनाव सामग्री देकर वाहनों से रवाना किया गया, जो शाम तक अपने-अपने बूथों पर पहुंच गईं। आज होने वाले लोकसभा चुनाव के मतदान में 778362 मतदाता वोट डालकर 12 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में कैद करेंगे।
जिला प्रशासन ने सकुशल मतदान संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान कलेक्ट्रेट में गहमागहमी रही। पोलिंग पार्टियों के रवाना होने से पूर्व जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारियों ने मतदान कर्मियों को सकुशल और बिना भेदभाव मतदान कराने की हिदायत दी।
ये है सख्ती
सुबह सात से शाम पांच बजे तक कर वोट डाले जा सकते हैं। मतदान केंद्र से 200 मीटर की परिधि में मोबाइल फोन, वायरलेस सेट, अस्त्र-शस्त्र मतदान केंद्र के निकट नहीं ले जा सकेंगे। वोट डालने के लिए अपने वाहन का प्रयोग करने वाले मतदाता वाहन मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी पर खड़ा करेंगे। मतदान की गोपनीयता भंग करना अपराध है। इसके लिए तीन माह की सजा या जुर्माना दोनों हो सकता है।
वोट डालने के लिए मतदाता इनका करें इस्तेमाल
मतदाता फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड, केंद्र, राज्य, स्थानीय निकाय से जारी पहचान पत्र, बैंक व डाकघर की फोटो युक्त पास बुक, किसान के्रडिट कार्ड, स्वतंत्रता सेनानी का फोटो युक्त पहचान पत्र, फोटो युक्त शस्त्र लाइसेंस, मान्यता प्राप्त शैक्षिक संस्थाओं का छात्र फोटो पहचान पत्र, फोटो युक्त किसान बही, फोटो युक्त शारीरिक विकलांगता प्रमाण पत्र से मतदाता वोट डाल सकते हैं।
घर के साथ ही देश की भी जिम्मेदारी
लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए महिला कर्मचारियों को भी चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है। ऐसे में अधिकांश महिला चुनाव कर्मी अपने बच्चों के साथ पोलिंग बूथ को रवाना हुईं। एक हाथ में ईवीएम तो दूसरे में बच्चे की उंगली संभाले इन महिलाओं का जज्बा देखने वाला था। जो घर की जिम्मेदारी के साथ ही देश की जिम्मेदारी भी उठाने में पीछे नहीं दिखीं।