नोमेंस लैंड का नेपाल के एसपी व सीडीओ ने किया निरीक्षण
जमुनहा (श्रावस्ती)। नेपाल में द्वितीय चरण का चुनाव होने वाला है। चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को नेपाल के जिला बांके के एसपी, सीडीओ सहित अर्द्धसैनिक बल के कई अधिकारियों ने जमुनहा स्थित नोमेंस लैंड का दौरा किया। इस दौरान एसएसबी के जवान भी मौके पर तैनात रहे।
नेपाल में 28 जून को द्वितीय चरण का चुनाव होना है। इसके लिए नेपाल के बांके जिला शस्त्र पुलिस प्रहरी आउट पोस्ट गंगापुर से भारत के सीमा क्षेत्र स्तंभ 641/ए, 13बी व 13 क्षेत्र में नेपाल के सीडीओ रवी लाल पंथी, एसपी एपीएफ राजू अधिकारी, एसपी टेक बहादुर राय व अर्द्धसैनिक बल के साथ भारतीय एसएसबी ने संयुक्त मार्च किया। इस दौरान एसएसबी के इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, सहायक उपनिरीक्षक प्रोसेन चौधरी, मुख्य आरक्षी राजेश कुमार, आरक्षी सुराज कुमार, अनिल कुमार मौजूद रहे।
पेड़ के नीचे दबा मिला महिला का शव
चार जून से थी लापता, पिता ने ससुरालीजनों पर लगाया हत्या का आरोप
श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली क्षेत्र के रामपुर ककरा निवासी एक विवाहिता चार जून को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। शुक्रवार को पुलिस ने घर के पीछे लगे पेड़ के नीचे से विवाहिता का शव खोज निकाला। महिला के पिता ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरकुसहा के मजरा पांडेपुरवा निवासी चिंतामणि पुत्र महराज नारायण ने अपनी पुत्री साधना (22) का विवाह चार वर्ष पूर्व कोतवाली क्षेत्र के रामपुर ककरा निवासी विनय कुमार उर्फ सत्यदेव पुत्र अरुण कुमार से किया था। चार जून को साधना ससुराल से अचालक लापता हो गई थी। ससुरालीजनों ने मायके वालों को उसके कहीं चले जाने की सूचना देकर खोजबीन शुरू की। सूचना पर पुलिस ने भी जांच शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने साधना का शव ससुराल में घर के पीछे आंवले के पेड़ के नीचे दबा पाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका के पिता ने पति विनय कुमार, ससुर अरुण कुमार, चचेरे ससुर दिनेश कुमार व उनकी पत्नी, उत्तम कुमार व उसकी पत्नी पर दहेज के लिए पुत्री को प्रताड़ित करने व हत्या करने का आरोप लगाया है।