श्रावस्ती। इकौना ग्राम न्यायालय का संचालन प्रारंभ हो चुका है। इसके साथ ही वहां लघु फौजदारी से संबंधित 1800 पत्रावलियां भी स्थानांतरित की जा चुकी हैं। जबकि परिवाद व दीवानी से संबंधित पत्रावलियों के स्थानांतरण के लिए अभी जिला जज की अनुमति का इंतजार है। स्थानांतरित यह सभी पत्रावलियां इकौना व गिलौला थाना क्षेत्र से संबंधित हैं।
इकौना तहसील परिसर में बुधवार से ग्राम न्यायालय का संचालन किया जा रहा है। जहां पीठासीन अधिकारी के रूप में सिविल जज अवर खंड रहे बृजेंद्र कुमार त्रिपाठी द्वारा मामले का निस्तारण भी शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में फिलहाल इकौना तहसील क्षेत्र में पड़ने वाले इकौना व गिलौला थाने से संबंधित लघु फौजदारी वाद के मामले ही स्थानांतरित किए गए हैं। जिनमें अधिकतम दो वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
वहीं चोरी के ऐसे मामले जिनमें बीस हजार रुपये तक की बरामदगी हुई है। वह मामले भी इकौना ग्राम न्यायालय स्थानांतरित किए गए हैं। फिलहाल अब तक 1800 पत्रावली इकौना ग्राम न्यायालय भेजी जा चुकी हैं। तमाम पत्रावलियां अभी और भेजी जाएंगी। परिवाद सहित सिविल जज अवर खंड न्यायालय पर विचाराधीन दीवानी मामलों से संबंधित पत्रावली अभी स्थानांतरण का इंतजार कर रही हैं।
इन पत्रावलियों का स्थानांतरण करने के लिए अभी जिला एवं सत्र न्यायाधीश मृदुलेश कुमार सिंह की अनुमति का इंतजार है। जिला जज की अनुमति मिलते ही उन पत्रावलियों को भी इकौना ग्राम न्यायालय स्थानांतरित कर दिया जाएगा। वहीं इकौना तहसील क्षेत्र में पड़ने वाले सोनवा थाना क्षेत्र से संबंधित मामलों की पत्रावलियों की छटनी की जा रही है। जिसे बाद में स्थानांतरित किया जाएगा।